बढ़ते सड़क हादसों के बीच पंजाब से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर शनिवार सुबह एक पिकअप वाहन और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 अन्य घायल हो गए। मृतकों में पांच महिलाएं, तीन पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र का एक परिवार अपनी बुजुर्ग महिला सदस्य की अस्थियां विसर्जित करने के लिए डेरा ब्यास जा रहा था। पिकअप वाहन में परिवार के करीब 27 सदस्य सवार थे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। सुबह चार बजे धार्मिक यात्रा के लिए निकला यह परिवार कुछ ही घंटों बाद एक भयावह हादसे का शिकार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत नजदीकी सरकारी एवं निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घायलों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
परिजनों ने बताया कि इस हादसे में परिवार के कई सदस्य हमेशा के लिए बिछड़ गए, जिनमें परिवार के मुखिया भी शामिल हैं। एक ही परिवार के इतने लोगों की मौत से पूरे जलालाबाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस के मुताबिक, पिकअप वाहन जलालाबाद से ब्यास की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में ट्रक से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक खुशहाल परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। पूरे इलाके में मातम का माहौल है और लोग मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।


