उत्तराखंड से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक को रस्सियों से बांधकर लाठियों से बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि युवक पर एक वाहन का शीशा तोड़कर उसमें रखे करीब 50 हजार रुपये चोरी करने का आरोप था।
यह मामला हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोप है कि चोरी की घटना के बाद कुछ लोगों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंपने के बजाय खुद ही उसे सजा देने लगे। वीडियो में युवक के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग उसकी पिटाई कर रहे हैं। वहीं, आसपास मौजूद कई लोग तमाशबीन बने पूरी घटना देखते नजर आ रहे हैं।
हालांकि, युवक पर लगे चोरी के आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद उसे सार्वजनिक रूप से बंधक बनाकर पीटे जाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति पर अपराध का संदेह था, तो उसे कानून के हवाले किया जाना चाहिए था। किसी को बंधक बनाकर मारपीट करना स्वयं एक गंभीर अपराध है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग भी हरकत में आ गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना कब और कहां हुई।
नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने कहा, “वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। वीडियो की सत्यता और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


