उत्तराखंड में वन विभाग और एसओजी की टीम पर रविवार देर रात लकड़ी तस्करों ने फायरिंग कर दी। हाईवे पर बलखेड़ा मोड़ के पास हुई इस घटना में तस्करों ने अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफलता पाई। टीम ने मौके से खैर की लकड़ी से लदे एक कैंटर और एक बाइक बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर में सामने आई है। वन विभाग की एसडीओ शशि देव और महेंद्र कौर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान बताया गया कि टीम ने गदरपुर क्षेत्र में खैर और शगुन की कीमती लकड़ी की तस्करी करने वाले तस्करों पर छापा मारा। जैसे ही तस्करों ने टीम को देखा, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। वन कर्मचारियों ने तुरंत जवाबी फायरिंग की और गदरपुर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने तस्करों की तलाश शुरू कर दी। वन विभाग और पुलिस ने कैंटर और बाइक को कब्जे में लिया। एसडीओ शशि देव ने बताया कि ठंड के मौसम में तस्कर सक्रिय हो गए हैं और लगातार कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान रेंजर रूप नारायण गौतम, पूरन चंद जोशी, एसओजी प्रभारी कैलाश तिवारी, सी. नरेश चंद पंत सहित कई पुलिस और वन विभाग अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और अभियान का संचालन किया।


