उत्तराखंड में मॉनसून भले ही औपचारिक रूप से अभी सक्रिय न हुआ हो, लेकिन प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार आगामी दिनों में राज्यभर में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 28 जून से 2 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी, जबकि 29 जून से 1 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस अवधि को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
27 और 28 जून को पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश होने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 29 जून से 2 जुलाई के बीच पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं।
इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में मध्यम बारिश और मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान घरों के अंदर रहें, खिड़की-दरवाजे बंद रखें और बिजली से जुड़े उपकरणों से दूरी बनाए रखें। लोगों को सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लेने की सलाह दी गई है।
भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के निवासियों को विशेष सतर्कता बरतने और छोटी नदियों व नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सावधान रहने की अपील की गई है। वाहन चालकों से भी यात्रा के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि अगले दो दिनों में कुछ पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश होगी, लेकिन 28 जून के बाद बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि 28 जून को कुमाऊं के अधिकांश और गढ़वाल के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है, जबकि 29 जून से 1 जुलाई के बीच प्रदेशभर में बारिश का दौर तेज हो जाएगा।


