शादी, जनेऊ, जन्मदिन और अन्य सार्वजनिक समारोहों में बढ़ते ऑर्केस्ट्रा के प्रभाव के बीच बिहार में सारण पुलिस ने रविवार की रात परसा इलाके में जोरदार छापेमारी की। इस अभियान में पुलिस ने 30 नाबालिग लड़कियों को मुक्त किया, जो ऑर्केस्ट्रा के मंच पर डांस करती थीं। पुलिस ने रेड के दौरान सात ऑर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया, जबकि कई अन्य फरार हो गए।
सूत्रों के अनुसार, मिशन मुक्ति फाउंडेशन की दिल्ली टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर परसा थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस अभियान में महिला पुलिस बल की मदद ली गई और पूरे रात भर चलाए गए अभियान के दौरान 30 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कर लिया गया। इन लड़कियों को वापस उनके घर भेजा जाएगा।
परसा थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि ऑर्केस्ट्रा संचालक अलग-अलग राज्यों से लड़कियों को लाकर उन्हें डांस करने के लिए मजबूर करते थे। ये नाबालिग लड़कियां गरीब परिवारों से होती थीं, जिन्हें दलालों द्वारा लाकर ऑर्केस्ट्रा में काम पर लगाया जाता था। पुलिस ने 7 संचालकों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
वहीं, ऑर्केस्ट्रा के कारोबार का खुलासा करते हुए सूत्रों ने बताया कि बिहार के कई जिलों में इस तरह के ऑर्केस्ट्रा का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जहां गरीब परिवारों की बेटियों को दलालों के जरिए 2 लाख से 5 लाख रुपये का लालच देकर लाया जाता है। इसके बाद इन लड़कियों को ऑर्केस्ट्रा में डांस करने के लिए मजबूर किया जाता है और कार्यक्रमों के दौरान मिलने वाली बख्शीश का एक हिस्सा ऑर्केस्ट्रा संचालक को देना पड़ता है।
यह पहली बार नहीं है, जब सारण पुलिस ने इस तरह की छापेमारी की हो। अक्टूबर में अमनौर और मकेर क्षेत्रों में भी 31 लड़कियों को मुक्त किया गया था। इससे पहले, सितंबर में नगरा थाना क्षेत्र में भी 6 लड़कियां मुक्त कराई गई थीं।