उत्तराखंड में “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” अभियान के तहत कुमाऊं परिक्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के अंतर्गत एसटीएफ कुमाऊं और पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में डोडा, अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को वाहन चेकिंग अभियान के दौरान थाना पुलभट्टा क्षेत्र के सिरौली कला के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 16.560 किलोग्राम डोडा, एक देशी तमंचा, 315 बोर के 10 जिंदा कारतूस तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकिब पुत्र मुख्तायर अहमद निवासी वार्ड नंबर 06, सिरौली कला, किच्छा, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पुलभट्टा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध डोडा और हथियारों की सप्लाई कहां से हो रही थी तथा इसका नेटवर्क किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर को निर्देश दिए हैं कि मामले की गहन जांच कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाए और इसमें शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” विजन के तहत कुमाऊं पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। पुलिस के मुताबिक पिछले आठ माह में एसटीएफ कुमाऊं ने अवैध मेडिकल स्टोर्स और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 794 नशीले इंजेक्शन और 44,170 नशीली गोलियां एवं कैप्सूल बरामद किए हैं।


