हल्द्वानी। वीकेंड के दौरान संभावित पर्यटक दबाव और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 27 और 28 जून को प्रातः 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षा और जाम की स्थिति से बचाव के लिए प्रातः 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में जनपद सीमा पर आने वाले भारी वाहनों को निर्धारित स्थानों पर रोका जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को जनपद सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं जो वाहन शहर के भीतर प्रवेश कर चुके हैं, उन्हें नंबर-01 बैण्ड, एचएमटी क्षेत्र, पुलिस चौकी सलड़ी, अमृतपुर मोड़ और मैगी पॉइंट के पास निर्धारित स्थानों पर पार्क किया जाएगा।
मैदानी क्षेत्र से पर्वतीय मार्गों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग डायवर्जन व्यवस्था की गई है। गोलापार क्षेत्र में पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर के पास तथा खेड़ा चौकी के पीछे भारी वाहनों को रोका जाएगा। कालाढूंगी मार्ग से आने वाले वाहनों को लामाचौड़ क्षेत्र में ही रोक दिया जाएगा।
बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्र को जाने वाले पर्यटक वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा, काठगोदाम के रास्ते भेजा जाएगा। इसी प्रकार रुद्रपुर की ओर से आने वाले वाहनों को पंतनगर तिराहा, दिनेशपुर मोड़, एनएच-109, लालकुआं और तीनपानी फ्लाईओवर से होते हुए गोलापार मार्ग से काठगोदाम की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
रामनगर और बाजपुर की ओर से आने वाले पर्यटक वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहा से डायवर्ट कर मंगोली मार्ग से भेजा जाएगा।
इसके अलावा 27 और 28 जून को आवश्यक सेवाओं जैसे दूध, सब्जी और ईंधन वाहनों का आवागमन दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक सीमित रहेगा। वहीं पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले पर्यटक वाहनों को नारीमन तिराहा से गोलापार मार्ग के माध्यम से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
प्रशासन ने बताया कि 27 और 28 जून को शाम 4 बजे से रात 9 बजे के बीच भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से मैदानी क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहनों को नंबर-01 बैण्ड और रूसी बाईपास-2 से डायवर्ट कर रूसी बाईपास-1, मंगोली और कालाढूंगी मार्ग के माध्यम से भेजा जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट प्लान का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


