उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनावी माहौल के बीच दल-बदल और संगठन विस्तार की कवायद भी जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में भाजपा ने अपनी पकड़ मजबूत करते हुए विभिन्न जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
कुंदन परिहार ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी मिलकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करें। उन्होंने कहा कि पार्टी का बढ़ता जनाधार वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने का संकेत है और इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ताकत के साथ जुटना होगा।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में टिहरी जिले की नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र से कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे। इनमें ग्राम प्रधान बमाण सावित्री देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपेंद्र सिंह, वार्ड सभासद ठण्डेरा विजय सिंह पंवार सहित राजेंद्र सिंह पंवार, प्रेम सिंह चौहान, लोक सिंह चौहान, चैन सिंह चौहान, सुंदर सिंह चौहान, हरिपाल सिंह चौहान, बिजेंद्र सिंह चौहान, बलदेव सिंह सजवाण, मातवर सिंह सजवाण, मनोज सिंह सजवाण, लक्ष्मण सिंह जियाला, सुम्बेश्वरी देवी, कलावती देवी, कमल सिंह नेगी और कृष्ण सिंह चौहान प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस अवसर पर नए सदस्यों ने भाजपा की विचारधारा में विश्वास जताते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ पार्टी कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे। सदस्यता कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, नलिन भट्ट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वरिष्ठ नेताओं ने सभी नए सदस्यों का माल्यार्पण कर संगठन में स्वागत किया।


