उत्तराखंड में पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर अजय गणपति ने कई निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के तबादले किए हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी तबादला आदेश के अनुसार, निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ट्रांजिट कैंप के पद से हटाकर पुलिस कार्यालय भेजा गया है। वहीं निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, जो अब तक थाना किलाखेड़ा में तैनात थे, उन्हें कोतवाली ट्रांजिट कैंप का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा, उपनिरीक्षक मनोज बिष्ट को सुल्तानपुर पट्टी चौकी से स्थानांतरित कर थाना किलाखेड़ा भेजा गया है। पुलिस लाइन रुद्रपुर में तैनात उपनिरीक्षक भूपेंद्र प्रताप सिंह को सुल्तानपुर पट्टी चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
तबादला सूची में उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद को कोतवाली सितारगंज से प्रभारी चौकी सूनालाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उपनिरीक्षक फूल राम पांडे को बाजपुर जसभर चौकी से हटाकर कोतवाली जसपुर भेजा गया है। उन्हें अतिरिक्त रूप से चौकी बाजार जसपुर का प्रभार भी सौंपा गया है।
इसके साथ ही उपनिरीक्षक मनोज जलाल को कोतवाली ट्रांजिट कैंप से प्रभारी चौकी बेरिया दौलत नियुक्त किया गया है। उपनिरीक्षक जावेद मलिक का तबादला जसपुर कोतवाली से सितारगंज कोतवाली किया गया है, जबकि उपनिरीक्षक हरेंद्र कुमार को कोतवाली कुंडा से आईटीआई कोतवाली में नई तैनाती दी गई है।
पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


