उत्तराखंड में लगातार बढ़ते सड़क हादसों के बीच एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। रुद्रप्रयाग जिले में बुधवार देर रात एक भीषण दुर्घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया।
जानकारी के अनुसार, भीरी–ककोला मोटर मार्ग पर एक कार (UK 13 TA 1991) अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। यह वाहन भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF का नियंत्रण कक्ष सक्रिय हुआ और अगस्त्यमुनि पोस्ट से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी इलाके के बावजूद टीम ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। SDRF टीम ने कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाते हुए शवों को खाई से बाहर निकालना शुरू किया। एक शव को सड़क तक पहुंचा दिया गया है, जबकि अन्य को निकालने का कार्य जारी है।
मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30), निवासी औरिंग; अमित सिंह (35) और अंशुल (28), दोनों निवासी सुरसाल के रूप में हुई है।
स्थानीय पुलिस और प्रशासन भी मौके पर पहुंचकर SDRF के साथ मिलकर कार्रवाई कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।
इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और प्रशासन द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


