उत्तराखंड में एक सरकारी विद्यालय से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। एक शिक्षक और एनसीसी अधिकारी पर छात्रा से कथित छेड़खानी का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मामला उत्तरकाशी जिले के मनेरी थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि विद्यालय में एनसीसी की कक्षा के दौरान शिक्षक ने एक छात्रा को एनसीसी अधिकारी द्वारा बुलाए जाने की बात कही। इसके बाद छात्रा एनसीसी कक्ष में पहुंची।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वहां छात्रा के साथ गलत व्यवहार किया गया। छात्रा ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद उसके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


