उत्तराखंड के देहरादून जिले में एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गज्जी बैंड के पास पानी से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में टैंकर चालक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही मसूरी पुलिस आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को खाई से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे टैंकर संख्या यूए07-एल-4065 मसूरी झील से पानी भरकर मसूरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान गज्जी बैंड के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
मृतक की पहचान अक्षय असवाल (25) पुत्र प्रेम सिंह असवाल निवासी ग्राम सभा दुधई, ब्लॉक सहसपुर, देहरादून के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही टैंकर मालिक साहेब सिंह थापली भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


