उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सामने आए रवि चौहान हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले में मुख्य साजिशकर्ता पंकज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसने जमीन विवाद के चलते 1.5 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई थी।
पुलिस के अनुसार, 37 वर्षीय आरोपी पंकज शर्मा, निवासी सीतापुर (उत्तर प्रदेश), ने अपने भांजे गौतम के साथ मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी। हत्या को अंजाम देने के लिए दोनों ने दानिश अली और नदीम नाम के दो कॉन्ट्रैक्ट किलर्स को हायर किया था। पुलिस पहले ही दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया था।
यह मामला 17 अप्रैल को शुरू हुआ जब रवि चौहान की पत्नी दिव्या चौहान ने उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआत में इसे गुमशुदगी मानकर जांच शुरू हुई, लेकिन 19 अप्रैल को पथरी पावर हाउस, रानीपुर क्षेत्र से रवि का शव बरामद होने के बाद मामला हत्या में बदल दिया गया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जबकि जांच की जिम्मेदारी एसएसआई हर्ष अरोड़ा को सौंपी गई।
जांच में सामने आया कि रवि चौहान को उनके भाई ने जमीन उपहार में दी थी, जिससे पंकज शर्मा नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने भांजे के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और शूटरों को 1.5 लाख रुपये की सुपारी दी। पुलिस के मुताबिक, 40 हजार रुपये एडवांस और 1.10 लाख रुपये हत्या के बाद नकद दिए गए थे।
वारदात के बाद आरोपियों ने रवि चौहान की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने 2 मई को मुखबिर की सूचना पर पंकज शर्मा को सिडकुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। फिलहाल इस मामले में शामिल फरार आरोपी गौतम की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


