उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक MRI मशीन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड की नींव है। राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के अस्पतालों को केवल भवनों तक सीमित न रखते हुए उन्हें आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और प्रशिक्षित मानव संसाधन से सशक्त बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस MRI मशीन के शुरू होने से चंपावत समेत पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और आसपास के सीमांत क्षेत्रों के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। अब मरीजों को MRI जांच के लिए हल्द्वानी या बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे समय, धन और मानसिक परेशानी तीनों में राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि अब मस्तिष्क, रीढ़, नसों, जोड़ों, कैंसर और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की जांच स्थानीय स्तर पर ही संभव होगी, जिससे समय पर इलाज सुनिश्चित हो सकेगा और कई जीवन बचाए जा सकेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक मजबूत और आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित कर रही है। चंपावत जिले में स्वास्थ्य ढांचे को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही 11.71 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक डायग्नोस्टिक विंग, पार्किंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी प्रगति पर है।
अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण स्थानीय लोगों को उनके क्षेत्र में ही बेहतर इलाज उपलब्ध करा रहा है। इसके अलावा इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान में 470.05 लाख रुपये की लागत से 129 बेड वाले आधुनिक छात्रावास का निर्माण पूरा किया जा चुका है, जो नर्सिंग शिक्षा को नई मजबूती देगा। साथ ही चंपावत में एक नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आर्थिक तंगी किसी भी परिवार के इलाज में बाधा न बने। आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत प्रदेश के लाखों लोगों को निःशुल्क और कैशलेस उपचार की सुविधा दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि चंपावत में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहा यह परिवर्तन सरकार की अंत्योदय सोच का परिणाम है, जिसमें हर नागरिक के जीवन और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी गई है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से एक स्वस्थ और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


