नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र में गुरुवार को आयोजित आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई। मॉकड्रिल देखने के लिए जा रहा 17 वर्षीय किशोर कोसी नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और उसे नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेतालघाट ब्लॉक के शहीद बलवंत सिंह भुजान-बर्धो मोटर मार्ग स्थित काली पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और अन्य विभागों की ओर से आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल आयोजित की गई थी। कार्यक्रम के तहत राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जा रहा था। इसके लिए राहत शिविर और प्राथमिक उपचार केंद्र भी बनाए गए थे।
सिमलखा गांव निवासी 17 वर्षीय विशाल सिंह, पुत्र आनंद सिंह, मॉकड्रिल देखने के लिए घर से निकला था। बताया जा रहा है कि कोसी नदी पार करते समय तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में बह गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद एसडीआरएफ की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। रेस्क्यू टीम ने करीब 800 मीटर नीचे तक तलाश अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद किशोर को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गरमपानी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही सिमलखा गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


