उत्तराखंड को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। दिल्ली और हरिद्वार के बीच तीन से छह सितंबर तक अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। खास बात यह है कि ट्रेन का रुड़की रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव रहेगा। इससे जन्माष्टमी पर हरिद्वार आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के अनुसार, गाड़ी संख्या 04413 दिल्ली-हरिद्वार अनारक्षित स्पेशल तीन, चार और पांच सितंबर को रात 11 बजे दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। ट्रेन गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर और रुड़की होते हुए अगले दिन सुबह 4:55 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04414 हरिद्वार-दिल्ली अनारक्षित स्पेशल चार, पांच और छह सितंबर को शाम पांच बजे हरिद्वार से रवाना होगी। निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव के बाद ट्रेन रात करीब 10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
रेलवे ने इसके अलावा अयोध्या कैंट और आनंद विहार टर्मिनल के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 04213-14 अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनल-अयोध्या कैंट स्पेशल तीन और चार सितंबर को दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाएगी।
यह ट्रेन तीन सितंबर को शाम 6:20 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार टर्मिनल से चार सितंबर को सुबह 8:20 बजे रवाना होकर रात 9:35 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव बाराबंकी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद रेलवे स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। जन्माष्टमी के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों के संचालन से दिल्ली, हरिद्वार और अयोध्या के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है।


