उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियां जोरों पर हैं। हालांकि अभी दौरे की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन और संगठन स्तर पर कार्यक्रम और स्थल लगभग अंतिम रूप ले चुके हैं। खास बात यह है कि इस बार पहली बार देहरादून के कैंट क्षेत्र स्थित महिंद्रा ग्राउंड प्रधानमंत्री की विशाल जनसभा का गवाह बनने जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी का यह दौरा राज्य की राजनीति और विकास योजनाओं के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम अप्रैल के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में प्रधानमंत्री से मुलाकात की, जिसमें न केवल दौरे पर चर्चा हुई, बल्कि राज्य में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं और राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी भी साझा की गई।
प्रधानमंत्री के इस दौरे की एक बड़ी खासियत दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का संभावित उद्घाटन माना जा रहा है। लंबे समय से इस परियोजना के उद्घाटन की प्रतीक्षा की जा रही थी। उद्घाटन के बाद न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के जीटीसी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से आगमन की संभावना है, हालांकि चर्चा यह भी है कि वे आशारोड़ी से कैंट क्षेत्र तक सड़क मार्ग से यात्रा कर सकते हैं। इस दौरान आम जनता को उन्हें करीब से देखने का अवसर मिलेगा। इसके बाद महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी लोगों को संबोधित करेंगे। इस दौरे से उत्तराखंड में राजनीतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की संभावना है, साथ ही राज्य में विभिन्न विकास परियोजनाओं को जनता के सामने पेश करने का भी अवसर मिलेगा।


