उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनावी तैयारियों के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की राजनीतिक मामलों की समिति की अहम बैठक देहरादून में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने की।
बैठक में 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन को मजबूत करने और प्रदेश के राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा जनहित से जुड़े मुद्दों और राज्य की मौजूदा परिस्थितियों को लेकर भी पार्टी नेताओं ने मंथन किया। एक दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इस बैठक में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों पर चर्चा की और राज्य की राजनीतिक स्थिति को लेकर फीडबैक लिया। राहुल गांधी ने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव मजबूती के साथ लड़ेगी। राजपुर रोड स्थित एक होटल में हुई बैठक के दौरान उन्होंने संगठन की गतिविधियों और चुनावी रणनीति को लेकर नेताओं से जानकारी ली।
राहुल गांधी ने कहा कि जब प्रदेश कांग्रेस कमेटी देवभूमि उत्तराखंड बुलाती है तो उन्हें अच्छा लगता है। उन्होंने कहा कि उनका उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उत्तराखंड का दौरा करेंगे। बैठक के दौरान राहुल गांधी ने प्रदेश के मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना भी साधा। उन्होंने पेपर लीक मामलों और मंदिरों में चढ़ावे की चोरी को गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक से युवाओं के भविष्य और सपनों को नुकसान पहुंच रहा है, जबकि धार्मिक स्थलों में चोरी से लोगों की आस्था को ठेस पहुंचती है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां होने वाली घटनाओं का संदेश पूरे देश तक जाता है। कांग्रेस नेतृत्व ने आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को सक्रिय करने और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर जोर दिया।


