हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल पर किए गए कथित शुद्धिकरण का मामला थमता नजर नहीं आ रहा है। कांग्रेस ने अब इस मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरने की तैयारी कर ली है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सात सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच करेगी। पार्टी ने प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं से इस प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है।
आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली हुई थी। रैली समाप्त होने के बाद कुछ लोगों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर शुद्धिकरण किए जाने का वीडियो और मामला सामने आया था। इसके बाद कांग्रेस ने इसे खरगे के अपमान से जोड़ते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ एक राजनीतिक दल के नेता का नहीं, बल्कि दलित समाज का अपमान है।
कांग्रेस का आरोप है कि शुद्धिकरण प्रकरण में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राज्यपाल, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न पुलिस थानों में तहरीर दी गई, लेकिन अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। पार्टी ने इसे लेकर सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
कांग्रेस नेताओं का यह भी आरोप है कि दूसरी ओर भाजपा के दबाव में हल्द्वानी में पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।
सात सितंबर के मुख्यमंत्री आवास कूच को कांग्रेस बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर आयोजित करने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदर्शन में राहुल गांधी समेत कुछ राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, कांग्रेस ने अभी तक राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सात सितंबर को प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस अपनी लड़ाई आखिरी समय तक जारी रखेगी। राहुल गांधी के शामिल होने के सवाल पर गोदियाल ने कहा कि फिलहाल उनका कोई कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।


