उत्तराखंड में आज धामी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। नवरात्र के दूसरे दिन, शुक्रवार को लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे।
मौजूदा कैबिनेट में पांच पद खाली हैं, जिन्हें आज भरा जाएगा। मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले विधायकों का चयन उनके पिछले चार वर्षों के कार्यकाल के प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, रुद्रप्रयाग के विधायक भरत चौधरी, राजपुर के खजानदास और कपकोट के सुरेश गढ़िया को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इसके अलावा हरिद्वार और नैनीताल से भी दो विधायकों को कैबिनेट में जगह मिलेगी।
नए मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने का विशेष ध्यान रखा गया है। राज्य में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाएं चल रही थीं और इस विषय पर राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कई दौर की बातचीत भी हुई।
सरकार और संगठन के बीच सभी तैयारियां पूरी होने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार के लिए नवरात्र का शुभ समय चुना गया है।


