नई दिल्ली: देश में एक बार फिर चुनावी माहौल बनने जा रहा है। चुनाव आयोग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल की पांच विधानसभा सीटों और असम की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इन सभी सीटों पर 6 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।
चुनाव आयोग के अनुसार उपचुनाव के लिए 9 सितंबर को गजट अधिसूचना जारी की जाएगी। उम्मीदवार 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 19 सितंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 6 अक्टूबर को सुबह से मतदान होगा और 9 अक्टूबर को वोटों की गिनती की जाएगी। आयोग ने कहा है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 11 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
उपचुनाव तमिलनाडु की मदुरंतकम (एससी) और धारापुरम (एससी), पुडुचेरी की थट्टांचावडी, पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों तथा असम की नागांव लोकसभा सीट पर कराया जाएगा। इन सीटों के अलग-अलग कारणों से खाली होने के बाद उपचुनाव की जरूरत पड़ी है।
तमिलनाडु में मदुरंतकम सीट मरागथम कुमारवेल और धारापुरम सीट पी. सत्यभामा के इस्तीफे के बाद खाली हुई। पुडुचेरी की थट्टांचावडी सीट एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई। पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम सीटें क्रमश: हुमायूं कबीर और सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुईं। वहीं, असम की नागांव लोकसभा सीट प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी।
चुनाव आयोग ने इन निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों को भी अंतिम रूप दे दिया है। अब उपचुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही संबंधित राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है और सभी दल चुनावी तैयारियों में जुटेंगे।


