उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। सभी प्रमुख दल अपने संगठन को मजबूत करने और नेताओं को अपने पक्ष में लाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि बीजेपी ने एक बार फिर कई वरिष्ठ नेताओं को अपने पाले में शामिल कर लिया है।
शनिवार को देहरादून स्थित बीजेपी मुख्यालय में आयोजित एक बड़े सदस्यता कार्यक्रम में कांग्रेस और अन्य दलों से जुड़े कई प्रमुख नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट मौजूद रहे, जिन्होंने सभी नए सदस्यों का स्वागत किया और उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक रूप से शामिल कराया।
बीजेपी में शामिल होने वालों में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा, कांग्रेस महिला मोर्चा की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीना शर्मा और पूर्व विधायक प्रत्याशी दर्शन लाल आर्य प्रमुख नाम रहे। इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अनिल शर्मा, कांग्रेस सेवा दल के रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष संजीव रस्तोगी सहित कई अन्य नेता भी बीजेपी में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान बीजेपी मुख्यालय में सुबह से ही भारी चहल-पहल देखने को मिली। पार्टी कार्यकर्ता सदस्यता अभियान को लेकर सक्रिय नजर आए और नए सदस्यों के स्वागत की तैयारियों में जुटे रहे।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि बीजेपी का सदस्यता अभियान लगातार जारी है और इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ना है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचा रही है और चुनावी तैयारी पूरी तरह मजबूत है। महेंद्र भट्ट ने यह भी कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी एक बार फिर बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को आगामी चुनाव में एक बार फिर हार का सामना करना पड़ेगा।


