उत्तराखंड में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक बैंक मैनेजर की मौत हो गई। मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ है, जिसको लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र के भट्टोवाला रेलवे फाटक के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय वीरेंद्र दत्त बेलवाल के रूप में हुई है, जो उत्तराखण्ड कॉपरेटिव बैंक में सीनियर ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। उनके पास से मिले आईडी कार्ड के आधार पर पहचान की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 10 बजे योग नगरी रेलवे स्टेशन से हरिद्वार की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से यह घटना हुई।
हालांकि, जांच के दौरान कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं जिनसे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतक के घर से शराब की बोतल, तीन गिलास और कपड़े के फंदे बरामद हुए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


