उत्तराखंड में लगातार हो रही झमाझम बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए देहरादून जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। खराब मौसम और संभावित आपदा की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।
देहरादून जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जिले में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की बौछारों की संभावना व्यक्त की है। इसी के मद्देनजर शनिवार, 18 जुलाई को जिले के कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश संबंधी आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए।


