उत्तराखंड में ठंड से बचाव के लिए जलाई गई अंगीठी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। उत्तरकाशी जिले के हर्षिल थाना क्षेत्र अंतर्गत झाला गांव में एक होटल में काम करने वाले युवक की कमरे के अंदर अंगीठी जलाकर सोने से दम घुटने के कारण मौत हो गई।
मृतक की पहचान महेश (25) निवासी हीना के रूप में हुई है, जो झाला के एक होटल में काम करता था। पुलिस के अनुसार बीती मंगलवार देर रात क्षेत्र में भारी बर्फबारी के चलते कड़ाके की ठंड पड़ रही थी। ठंड से बचने के लिए महेश ने अपने कमरे में अंगीठी जलाई और सो गया।
बुधवार सुबह जब होटल में ठहरे यात्रियों को महेश दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने इसकी जानकारी होटल स्वामी को दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसके कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर पूरे कमरे में अंगीठी का धुआं भरा हुआ था और महेश मृत अवस्था में पड़ा मिला।
घटना की सूचना हर्षिल थाने को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली है और लोगों से बंद कमरों में अंगीठी या कोयले का उपयोग न करने की अपील की है।


