उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस ने झाड़ियों में पाए गए युवक के लहूलुहान शव का रहस्य सुलझा लिया है। शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने दोस्ती को खतरनाक घटना में बदल दिया।
पुलिस के अनुसार, 7 फरवरी को श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा पाया गया। मौके पर पहुंची टीम ने साक्ष्य जुटाए और मृतक की पहचान कुनाल, पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी, थाना लक्सर (हाल निवासी लाटोवाली, कनखल) के रूप में की। मृतक के पिता की शिकायत पर थाना कनखल में धारा 103 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें मृतक कुनाल को एक शराब के ठेके से शराब खरीदते और संदिग्ध स्कूटी सवार के साथ जाते देखा गया। जांच में आरोपी की पहचान अरविंद उर्फ शिवम के रूप में हुई, जो घटना के बाद फरार था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और सर्विलांस के आधार पर आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अरविंद ने बताया कि वह कुछ महीनों से कनखल में अपनी नानी के पास रह रहा था और मृतक कुनाल उसका पड़ोसी व मित्र था।
पुलिस के अनुसार, 6 फरवरी की रात दोनों ने शराब पी, तभी कुनाल ने आरोपी की बहनों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की और विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर अरविंद ने पास पड़े भारी पत्थर से कुनाल के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मथुरा भाग गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल भी बरामद किया। एसएसपी ने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर घटना का खुलासा किया और आरोपी को सख्त से सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।


