हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर फौजी वर्दी में तस्वीरें और कथित फर्जी आर्मी आईडी दिखाकर खुद को पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताने वाले 20 वर्षीय युवक को नैनीताल पुलिस की एसओजी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंपावत निवासी रोहित सिंह मेहता के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन समेत सेना से संबंधित फोटो-वीडियो और कथित फर्जी आर्मी आईडी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर को मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने एसओजी हल्द्वानी को सूचना दी थी कि रोहित सिंह मेहता इंस्टाग्राम पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर सेना की वर्दी में फोटो और पहचान पत्र प्रदर्शित कर रहा है। जांच में भारतीय सेना में उसके नाम का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
सूचना के बाद एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में टीम ने मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश की। लोकेशन के आधार पर पता चला कि रोहित गोरापड़ाव क्षेत्र स्थित एक पेंट कंपनी के गोदाम में काम करता है। पुलिस ने वहां पहुंचकर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरें लीं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा Google Gemini की मदद से मॉर्फ्ड फोटो तैयार कराईं। इसके बाद इन तस्वीरों को इंस्टाग्राम पर अपलोड कर खुद को पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर प्रदर्शित करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सोशल मीडिया पर फॉलोइंग बढ़ाने और युवतियों को प्रभावित करने के लिए ऐसा करना बताया।
एसओजी ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो और वीडियो के साथ फर्जी प्रतीत होने वाला Army Identity Card भी मिला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण, फर्जी पहचान प्रदर्शित करने और धोखाधड़ी के मामले में धारा 168, 318(3) और 319(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो स्मार्टफोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो-वीडियो और कथित फर्जी Army Identity Card बरामद किया है। आरोपी रोहित सिंह मेहता (20) पुत्र खुशाल सिंह मेहता, ग्राम कानीकोट, तहसील पाटी, चंपावत का रहने वाला है और वर्तमान में गोरापड़ाव, हल्द्वानी में रह रहा था। कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन समेत हेड कांस्टेबल कुंदन कठैत, त्रिलोक सिंह और कांस्टेबल अशोक सिंह रावत व भूपेन्द्र सिंह ज्येष्ठा शामिल रहे।


