उत्तराखंड में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां मनचले ने नाबालिग किशोरी से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर दी। आरोप है कि विरोध पर उसे डराया-धमकाया गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र का है। शिकायत के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाला साहिल पुत्र आरिफ काफी समय से किशोरी को परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह रास्ते में उसका पीछा करता था, जबरन बातचीत करने का प्रयास करता था और कई बार उसका हाथ पकड़ने की कोशिश भी कर चुका है।
पीड़िता की मां का कहना है कि परिवार द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। लगातार हो रही इन घटनाओं से किशोरी और उसका परिवार मानसिक तनाव में था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह डोभाल ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


