उत्तराखंड में एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जिसमें विश्वविद्यालय परिसर में कुछ नाबालिग बच्चियों के साथ ठेका कर्मी ने छेड़छाड़ कर दी। इसे लेकर हाईवोल्टेज हंगामा हो गया। बुधवार देर रात बड़ी संख्या में आक्रोशित महिलाएं और स्थानीय लोग कोतवाली पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्जकर गिरफ्तारी की मांग करने लगे। बाद में पुलिस ने पांच पीड़िताओं की तीन तहरीरों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमे दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दरअसल यह पूरा मामला पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर से जुड़ा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुलपति डॉ एसके कश्यप, अपर निदेशक प्रशासन डॉ. एके शर्मा और एसओ डॉ. पीवी सिंह सहित कई प्राध्यापक भी कोतवाली पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम कुछ नाबालिग बच्चियां विवि परिसर में घूम रही थीं। आरोप है कि वेटरिनरी कालेज में ठेकाकर्मी दीपक शर्मा ने उनके साथ छेड़छाड़ करते हुए अभद्रता की। बच्चियों ने जब यह बात अपने परिजनों को बताई, तो पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। परिजन और स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी फरार हो गया था। जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग पंतनगर कोतवाली पहुंच गए। लोगों का कहना था कि नाबालिग बच्चियों के साथ हुई इस घटना को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी कोतवाली में मौजूद रहीं और सभी ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्यवाही की मांग की। परिजनों का कहना था कि पंतनगर विवि जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक परिसर में इस तरह की घटना बेहद गंभीर है। इससे छात्राओं, बच्चियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।


