उत्तराखंड के यात्रियों के साथ चलती ट्रेन के भीतर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसमें बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर दो कर्मचारियों से करीब 7 लाख रुपये लूट लिए। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं और पूरे रूट पर हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के सिंह कॉलोनी निवासी जपनीत ऑटो में कार्यरत रितिक मंडल और साहिब सिंह बुधवार सुबह संपर्क क्रांति ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। दोनों ऑटोमोबाइल पार्ट्स खरीदने के उद्देश्य से यात्रा कर रहे थे और उनके पास लगभग 7 लाख रुपये नकद थे, जिन्हें उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से बेल्ट में छिपाकर रखा था।
बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान तीन संदिग्ध युवक भी उसी कोच में सवार हो गए थे और लगातार दोनों कर्मचारियों पर नजर बनाए हुए थे। जैसे ही ट्रेन उत्तर प्रदेश के बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास धीमी हुई, बदमाशों ने अचानक दोनों को घेर लिया और हथियारों के बल पर नकदी लूट ली।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और मौके से चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और पीड़ितों ने तुरंत रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई और जांच शुरू कर दी गई है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
इस घटना को लेकर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारियों ने रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर आरपीएफ अधिकारियों से मुलाकात की और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
वहीं आरपीएफ चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


