पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों और रुझानों में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार राज्य की 294 में से 292 सीटों पर आए रुझानों में भाजपा को पहली बार ऐतिहासिक बढ़त मिलती दिख रही है। इस बदलाव के बाद राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है और दिल्ली से लेकर बंगाल तक जश्न का माहौल है।
रुझानों में भाजपा 194 सीटों पर आगे बताई जा रही है, जबकि सत्ताधारी टीएमसी 91 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। अगर यही रुझान नतीजों में बदलते हैं तो यह पहली बार होगा जब पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनाती नजर आएगी और लंबे समय से सत्ता में काबिज टीएमसी की विदाई तय मानी जा रही है।
इस बीच भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय से लेकर बंगाल की सड़कों तक जीत का जश्न मनाया जा रहा है। आज शाम 6 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस परिणाम को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि बंगाल की जनता ने विकास और सुशासन के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। धामी ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और भाजपा संगठन की मेहनत का परिणाम बताया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक टीएमसी के कई बड़े मंत्री भी पीछे चल रहे हैं, जिससे पार्टी खेमे में चिंता बढ़ गई है। कुल मिलाकर रुझानों ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है और अंतिम परिणामों का इंतजार अब और बढ़ गया है।


