उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 15 उप निरीक्षकों और अपर उप निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस फेरबदल में हरकी पैड़ी समेत कई महत्वपूर्ण पुलिस चौकियों के प्रभारी भी बदले गए हैं।
तबादला सूची के अनुसार श्यामपुर थाने के एसएसआई मनोज रावत को रुड़की कोतवाली भेजा गया है। वहीं हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी को श्यामपुर कोतवाली में वरिष्ठ उप निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह अंशुल अग्रवाल को हरकी पैड़ी चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है। अंशुल अग्रवाल इससे पहले रानीपुर कोतवाली में तैनात थे।
इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली को लक्सर कोतवाली भेजा गया है, जबकि शांतरशाह चौकी प्रभारी उमेश कुमार को लखनौता चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लखनौता चौकी प्रभारी अजय लाल अब शांतरशाह चौकी प्रभारी के रूप में कार्य करेंगे। वहीं ज्वालापुर बाजार चौकी प्रभारी देवेंद्र पाल को कनखल कोतवाली भेजा गया है।
इसके अलावा मुनव्वर हुसैन को गंगनहर कोतवाली से धनौरी चौकी प्रभारी बनाया गया है। विपिन कुमार को लक्सर कस्बा बाजार चौकी से ज्वालापुर रेल चौकी प्रभारी और पुष्कर चौहान को कनखल से ज्वालापुर बाजार चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
समीप पांडेय को ज्वालापुर रेल चौकी से लक्सर कस्बा बाजार चौकी भेजा गया है। वहीं अमित नौटियाल को कनखल से इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी बनाया गया है।
अपर उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह को धनौरी चौकी से गंगनहर कोतवाली भेजा गया है। युवराज को क्षेत्राधिकारी नगर कार्यालय से बुग्गावाला और प्रमोद सिंह को पुलिस लाइन से क्षेत्राधिकारी नगर कार्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है। नई तैनाती के बाद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।


