उत्तराखंड पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से छह पुलिस उपाधीक्षकों (सीओ/डीएसपी) के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस संबंध में एसएसपी देहरादून अजय सिंह की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक विवेक सिंह कुटियाल को क्षेत्राधिकारी प्रेमनगर नियुक्त किया गया है। वे प्रेमनगर सर्किल के अंतर्गत थाना प्रेमनगर, सेलाकुई, गोपनीय शाखा, एलआईयू एवं पीएसी से जुड़े कार्यों की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही अगले आदेश तक उन्हें क्षेत्राधिकारी विकासनगर सर्किल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
रीना राठौर को क्षेत्राधिकारी डोईवाला की जिम्मेदारी दी गई है। उनके कार्यक्षेत्र में कोतवाली डोईवाला, थाना रायपुर सहित शिकायत जांच प्रकोष्ठ, विशेष जांच प्रकोष्ठ, सीएम हेल्पलाइन, होमिसाइड सेल, महिला हेल्पलाइन एवं महिला सुरक्षा हेल्पलाइन जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल रहेंगे।
स्वप्निल मुयाल को क्षेत्राधिकारी नगर नियुक्त किया गया है। वे कोतवाली नगर, थाना वसंत विहार, पुलिस लाइन समेत अन्य संबद्ध दायित्वों का निर्वहन करेंगे। वहीं, नीरज सेमवाल को क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश बनाया गया है, जिनके अधीन कोतवाली ऋषिकेश, थाना रायवाला एवं थाना रानीपोखरी रहेंगे।
इसके अलावा, जगदीश चंद्र पंत को क्षेत्राधिकारी यातायात की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे यातायात व्यवस्था के साथ-साथ प्रधान लिपिक, भवन, आंकिक शाखा, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल, स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट, ऑपरेशन स्माइल, ट्रैक मिसिंग चाइल्ड, हाईकोर्ट/समन सेल, लोक सूचना एवं सीसीओआर/डीसीओआर से जुड़े कार्यों की देखरेख करेंगे। साथ ही अग्रिम आदेशों तक उन्हें मसूरी सर्किल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।


