उत्तराखंड में सनसनीखेज घटना सामने आई है। बड़े उद्योग पति के घर में चोरों ने धावा बोला है। चोर घर से करीब 90 लाख रुपये की नगदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. घटना उस समय हुई जब पूरा परिवार घर से बाहर गया हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदिग्धों की तलाश जारी है।
यह घटना उधम सिंह नगर जिले के किच्छा के आवास विकास कॉलोनी में हुई है। जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ राइस मिलर राजेंद्र अग्रवाल का परिवार 18 अप्रैल को रामनगर में आयोजित एक शादी में शामिल होने गया था। परिवार लगभग दो दिन बाद जब घर लौटा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे।
चोरों ने घर के लॉकर तोड़कर नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर लिए। अनुमान के मुताबिक चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के दौरान चोरों ने सबूत मिटाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसओजी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को दो संदिग्धों के बारे में अहम सुराग मिले हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच टीम को जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।


