उत्तराखंड में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही मुख्य कारण बनते जा रहे हैं। इसी कड़ी में देर रात रुद्रपुर में नैनीताल-दिल्ली हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर के कारण एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड परिवहन निगम की रोडवेज बस संख्या UK07 PA 3042 हल्द्वानी से रामपुर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ट्रैक्टर चालक इरशाद पुत्र सकूल नवी, निवासी असीमपुर थाना रामपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और उन्हें एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है।
हादसे के समय बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे। हालांकि टक्कर की वजह से बस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पंतनगर सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटना स्थल को नियंत्रित किया। क्षतिग्रस्त बस के कारण यात्रियों को दूसरी बस से हरिद्वार के लिए रवाना किया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
उत्तराखंड पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे हाईवे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सावधानी से वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


