आपने फिल्म शोले में बसंती से शादी के लिए वीरू को पानी की टंकी पर चढ़ते तो जरूर देखा होगा, लेकिन उत्तराखंड में इससे मिलता-जुलता एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। फर्क इतना था कि यहां पानी की टंकी नहीं, बल्कि एक युवती हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल पर चढ़ गई। युवती पड़ोस में रहने वाले युवक से प्रेम करती है और उससे शादी करना चाहती थी। जब प्रेमी ने शादी से इनकार किया तो युवती ने ऐसा कदम उठा लिया कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मामला ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा का है। जानकारी के मुताबिक, हल्द्वानी बाईपास के पास रहने वाली युवती का पड़ोस में रहने वाले एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती लंबे समय से युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी थी। बताया जा रहा है कि युवक भी काफी समय से उसे शादी का भरोसा देता आ रहा था।
शनिवार रात अचानक युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। प्रेमी के इस फैसले से युवती नाराज हो गई। रविवार सुबह वह रेलवे लाइन के पास पहुंची और देखते ही देखते हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल पर चढ़ गई। पोल पर पहुंचने के बाद युवती जोर-जोर से चिल्लाने लगी।
युवती को हाईटेंशन पोल पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों के होश उड़ गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने युवती को समझाने और नीचे उतरने के लिए काफी देर तक मनाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उसे किसी तरह पोल से सुरक्षित नीचे उतारा गया।
इस दौरान सबसे बड़ा खतरा हाईटेंशन तारों का था। जरा सी चूक होने पर बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि गनीमत रही कि युवती तारों की चपेट में नहीं आई और समय रहते उसे नीचे उतार लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में युवती हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़ी नजर आ रही है, जबकि नीचे लोगों की भीड़ उसे समझाकर सुरक्षित उतारने का प्रयास करती दिखाई दे रही है। घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।


