उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। इसी कड़ी में अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखा विवाद सामने आया है।
तीन दिन पहले आयोजित बहुद्देशीय शिविर को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद बुधवार को और बढ़ गया। दोनों दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन का कार्यक्रम घोषित किया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार का पुतला जलाकर विरोध जताया।
वहीं, भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट का पुतला दहन करने के लिए मुख्य चौराहे पर एकत्र हुए। इसी दौरान विधायक मदन सिंह बिष्ट अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा, “पुतला क्यों जलाते हो, मैं खुद यहां मौजूद हूं। अगर विरोध करना है तो मुझ पर ही आग लगा दो।”
विधायक के अचानक पहुंचने से कुछ देर के लिए भाजपा कार्यकर्ता भी हैरान रह गए। इस बीच कांग्रेस समर्थकों ने पुतले पर लगे मदन सिंह बिष्ट के पोस्टर को फाड़ दिया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई और देखते ही देखते धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को अलग किया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने फिर से विधायक मदन सिंह बिष्ट के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।
घटना के दौरान मुख्य चौराहे पर काफी देर तक राजनीतिक गहमागहमी बनी रही। पुलिस की मौजूदगी के चलते स्थिति को नियंत्रित किया जा सका और किसी बड़ी अप्रिय घटना से बचाव हो गया।


