उत्तराखंड में शादी समारोह के दौरान एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ बारातियों को बिना दुल्हन के लौटना पड़ा। जानकारी के अनुसार, जयमाला की रस्म के समय दूल्हा और दुल्हन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो इतने बढ़ गया कि दुल्हन ने शादी से ही इंकार कर दिया।
यह घटना हरिद्वार जिले के लक्सर के पास खानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शादी के दौरान दूल्हा और दुल्हन में कहासुनी शुरू हुई, और देखते-देखते दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। दुल्हन पक्ष का कहना था कि दुल्हन बेरोजगार होने के कारण शादी करने से इंकार कर रही थी, और उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ बातें उनसे छुपाई गई थीं।
गुस्से में दुल्हन पक्ष ने दूल्हे, उसके पिता और एक अन्य बाराती को बंधक बना लिया। इस दौरान माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण और हंगामेदार हो गया। सूचना मिलने पर खानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया।
पुलिस की मध्यस्थता के बाद बंधकों को छुड़ाया गया। विवाद के समाधान के लिए दूल्हा पक्ष को दुल्हन पक्ष को हर्जाने के रूप में मोटी रकम चुकानी पड़ी। इसके बाद बारात को आखिरकार बिना दुल्हन लौटने की इजाजत दी गई। खानपुर थाना अध्यक्ष डी.एस. कोहली ने बताया कि मामला संज्ञान में आया और पुलिस ने दोनों पक्षों को सख्त हिदायत दी। कुछ समय बाद ग्राम प्रधान की मध्यस्थता से दोनों पक्षों में समझौता हुआ, और विवाद शांत हुआ।


