उत्तराखंड के काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को पूछताछ और बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किया है। SSP के साथ ही तीन उप निरीक्षक और एक अपर उपनिरीक्षक को भी SIT ने नोटिस भेजे हैं। यह नोटिस सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर जारी किए गए हैं।
मामले में भूमि धोखाधड़ी के आरोपों की जांच को आगे बढ़ाते हुए SIT ने रजिस्ट्रार कार्यालय, तहसील कार्यालय और संबंधित बैंकों को भी नोटिस भेजे हैं। बैंकों से बैंकिंग ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड तलब किए गए हैं, ताकि लेन-देन और दस्तावेजों की प्रामाणिकता की जांच की जा सके।
SIT के सदस्य और पुलिस अधीक्षक चंपावत अजय गणपति ने बताया कि घटना से जुड़े सभी अभिलेखों को कब्जे में लेकर उनका बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। SIT की विशेषज्ञ टीम तकनीकी सर्विलांस के जरिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्य और अन्य तकनीकी इनपुट का विश्लेषण कर रही है। इस संबंध में SIT की ओर से प्रेस नोट भी जारी किया गया है।
गौरतलब है कि शनिवार, 10 जनवरी को काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ नैनीताल जिले के काठगोदाम क्षेत्र घूमने गए थे। उसी रात एक होटल में उन्होंने आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले सुखवंत सिंह ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने जमीन खरीद से जुड़े मामले में धोखाधड़ी और मानसिक प्रताड़ना को आत्महत्या का कारण बताया था।


