उत्तराखंड में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। हरिद्वार जिले के भगत सिंह चौक पर कूड़े के ढेर में करीब सात दिन की नवजात बच्ची मिली। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर राहगीर मौके पर रुक गए। पास जाकर देखा तो मासूम कूड़े के बीच रोती-बिलखती मिली। इसके बाद समाजसेवी वंदना गुप्ता ने बच्ची को अपनी गोद में लेकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। आखिर इतनी छोटी बच्ची को कूड़े के ढेर में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा, यह सवाल बना हुआ है।
कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि नवजात बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस बच्ची के माता-पिता की पहचान करने और उसे बेसहारा छोड़ने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटी है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।



