उत्तराखंड में देहरादून-मसूरी मार्ग पर मंगलवार सुबह पानीवाला बैंड के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव मिला। शव नदी के समीप पड़ा था, जबकि सड़क किनारे एक कार खड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला।
एसएसआई सतेंद्र भाटी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पानीवाला बैंड के पास सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के समीप एक कार खड़ी है। कार के नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अजय कुमार कोहली मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापारी थे। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद पानीवाला बैंड के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़ी मिली और उनका शव गहरी खाई में पड़ा मिला।
पुलिस को कार के अंदर से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन भी मिला है। इन बरामद वस्तुओं को जांच का हिस्सा बनाया गया है।
खाई काफी गहरी होने और शव नदी के समीप होने के कारण पुलिस के लिए उसे बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। इसके बाद एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को मौके पर बुलाया गया। जवानों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाते हुए खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
मौके पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल अजय कुमार कोहली की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से, कार की स्थिति और घटनास्थल से मिले सामान समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


