हल्द्वानी में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज चालक की जान चली गई। ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे चालक को तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गौलापार के पश्चिमी खेड़ा निवासी 44 वर्षीय अजय सिंह कुंजवाल काठगोदाम डिपो में रोडवेज चालक के पद पर कार्यरत थे और आश्रित कोटे के तहत नौकरी मिली थी। रविवार रात करीब 11:30 बजे वह अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे।
जैसे ही वे घर के पास पहुंचे, चोरगलिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय सिंह करीब 30 मीटर दूर जा गिरे। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन बिष्ट की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बाद में कैंटर चालक को हिरासत में ले लिया और वाहन को सीज कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। मृतक अपने पीछे दो बेटियां और एक छोटा बेटा छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले उनके बड़े भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। काठगोदाम थाना प्रभारी जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


