उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित लालकुआं क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां टांडा वन रेंज में जंगली हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि शाह पठानी खत्ता इलाके में दो लोग मौजूद थे, तभी अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। हमले में हाथी ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों में से एक की पहचान 75 वर्षीय बांधो प्रजापति के रूप में हुई है, जो झारखंड के चतरा जिले के निवासी थे। दूसरे व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों को जंगल के आसपास अकेले न जाने की सलाह दी है। वन विभाग ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने का आश्वासन भी दिया है। वहीं, पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के अनुसार, दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।


