उत्तराखंड में प्रेम विवाह का खौफनाक अंजाम सामने आया है। मामा की बेटी से प्रेम निकाह करने को लेकर चली आ रही नाराजगी के बीच एक युवक की बीच बाजार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या का आरोप मृतक के सगे मामा पर लगाया है, जो वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
मामला हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, पिरान कलियर थाना क्षेत्र के रोलाहेड़ी गांव निवासी 27 वर्षीय मुनसिब ने करीब दो वर्ष पूर्व अपने मामा की बेटी से प्रेम प्रसंग के बाद निकाह किया था। बताया जा रहा है कि इस विवाह का परिवार के कुछ सदस्य विरोध कर रहे थे और इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
शुक्रवार को मुनसिब घरेलू सामान खरीदने के लिए भगवानपुर क्षेत्र के हालूमाजरा गांव पहुंचा था। इसी दौरान बाजार में उसकी मुलाकात अपने मामा से हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि मामा ने चाकू निकालकर मुनसिब पर कई वार किए और मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस उसे रुड़की के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम निकाह को लेकर चली आ रही पारिवारिक रंजिश हत्या का कारण प्रतीत हो रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।


