उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। काशीपुर के महुआखेड़ागंज स्थित वार्ड नंबर-3, मढ़ैया देवी में 22 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप पड़ोसी युवक पर लगा है। घटना के बाद आरोपी शव को युवती के घर पर रखकर फरार हो गया। वारदात से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
मृतका की पहचान 22 वर्षीय मेहबिश पुत्री स्व. फरियाद हुसैन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मेहबिश तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। जानकारी के अनुसार उसकी हत्या पड़ोस के एक घर में की गई। इसके बाद आरोपी शव को उसके घर पर रखकर वहां से चला गया। घटना के समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। वारदात के बाद आरोपी के परिवार के लोग भी मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक जांच और शुरुआती तफ्तीश के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस फरार आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।


