उत्तराखंड में खौफनाक घटना सामने आई है। कुमाऊं मंडल के सीमांत पिथौरागढ़ जिले के वनराजियों के गांव भक्तिरवा किमखोला में एक युवक की अपने सगे भाई, चाची और दो चचेरे भाइयों के साथ मिलकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने शव को जंगल में फेंक दिया था, लेकिन मृतक की पत्नी की तहरीर के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस के अनुसार, 22 मार्च को कुंदन सिंह (35) पुत्र स्व. बहादुर सिंह रजवार और उनकी चाची बसंती देवी (39) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान बसंती देवी के दोनों बेटे जनक सिंह (25) और रमेश सिंह (21) और कुंदन का सगा भाई प्रदीप सिंह (30) मौके पर पहुंचे। विवाद इतना बढ़ गया कि चारों ने मिलकर कुंदन सिंह पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
अगले दिन 23 मार्च को आरोपियों ने शव को जंगल में फेंक दिया। मृतक की पत्नी रेखा देवी ने जौलजीबी में तहरीर दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने जंगल में खोजबीन शुरू की और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ भेजा।
थाना प्रभारी जौलजीबी प्रदीप कुमार ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि मृतक अक्सर परिवार के साथ झगड़ा करता था, जिसके चलते सगे भाई ने चाची और चचेरे भाइयों का साथ दिया। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। सीओ केएस रावत ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।


