हल्द्वानी–लालकुआँ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने एक परिवार को झकझोर कर रख दिया। आईओसी डिपो के सामने बने अव्यवस्थित कट पर एक ऑटो और नेक्सॉन कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद ऑटो पलट गया। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा के आजाद नगर (लाइन नंबर 10) निवासी शोएब अपने भाई शाहरुख और अन्य परिजनों के साथ ऑटो (यूके 04 टीबी 2641) से लालकुआँ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे हाईवे पर बने कट को पार कर रहे थे, तभी सामने से आ रही नेक्सॉन कार (यूके 04 एएन 4247) से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ऑटो में चार छोटे बच्चों समेत कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में गफूर बस्ती निवासी 28 वर्षीय रोजी, पत्नी शाहरुख, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शाहरुख (35 वर्ष) और उनके बच्चे—अरहान (10), अर्श (8), उजैर (4) और चार माह की मन्नत—के अलावा ऑटो चालक शोएब, रफीक, मुकद्दस (45) और मेहरू बी अंसारी (14) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल हल्द्वानी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए हाईवे पर बने बेतरतीब और खतरनाक कटों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इन कटों को व्यवस्थित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।


