उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिसमें बाइक सवार तीन किशोरों की बाइक को तेज रफ्तार (कैप्सूल) ट्रक ने रौंद दिया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर ही अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में तीनों किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई।
यह हादसा हरिद्वार जिले के रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र पीरपुरा गांव के अंडरपास के पास हुआ, जहां एक अनियंत्रित (कैप्सूल) ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में दो किशोरों—अयान (16 वर्ष) और मोहम्मद रकीब (17 वर्ष)—की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा साथी मोहम्मद साकिब (16 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल साकिब को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस दर्दनाक हादसे में तीनों किशोरों की जान चली गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया गया है।
जैसे ही हादसे की खबर मृतकों के गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


