हल्द्वानी में एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें 24 वर्षीय युवती की जान चली गई। यह घटना बेलबाबा मंदिर के पास उस समय हुई जब उसकी स्कूटी सड़क पर अचानक सामने आई गाय से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, कमलुवागांजा हिम्मतपुर तल्ला निवासी श्रेया जोशी रुद्रपुर सिडकुल से ड्यूटी खत्म कर गुरुवार देर रात अपने घर लौट रही थी। जैसे ही वह रामपुर रोड स्थित बेलबाबा मंदिर के पास पहुंची, तभी सड़क पर मौजूद गाय से उसकी स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि श्रेया सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गई।
घटना के बाद वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने तुरंत मानवीयता दिखाते हुए घायल युवती को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। साथ ही उसने डायल 112 पर सूचना भी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। युवती को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
राहगीर ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली से हल्द्वानी की ओर आ रहा था, तभी सड़क पर एक गाय पड़ी दिखाई दी। उसे हटाने के लिए जब वह रुका, तो उसने पास ही घायल युवती को देखा और तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, टीपी नगर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह सड़क पर अचानक आई गाय से टक्कर होना सामने आया है। घटनास्थल से मिली स्कूटी के अगले हिस्से में गाय के बाल भी फंसे मिले हैं, जिससे टक्कर की पुष्टि होती है।


