उत्तराखंड में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र के 4.2 फ्लाईओवर के पास हुआ, जहां टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे में अहान (18) पुत्र शराफत, निवासी बढ़ापुर (नजीबाबाद) और फहीम (35) पुत्र अमानत की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों में सोहने लाल (25) निवासी हरदोई, शराफत (42), शबाना (35), अनु (18) निवासी बढ़ापुर (नजीबाबाद) तथा समीम (42) निवासी बिजनौर शामिल हैं।
बताया गया है कि हादसे में जान गंवाने वाले अहान के माता-पिता शराफत और शबाना भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।


